जनता की समस्याओं को लेकर अब जनकल्याण समिति करेगी बड़ा आंदोलन, बिजली बिल, पेंशन, राशन और पीएम आवास की समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरेगी समिति, जनपद पंचायत घेराव की भी तैयारी, पढ़िए पूरी खबर

पाटन। क्षेत्र में आम जनता से जुड़ी समस्याओं को लेकर अब जनकल्याण समिति पाटन ने बड़ा आंदोलन करने की तैयारी शुरू कर दी है। समिति का आरोप है कि जनता कई गंभीर समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन शासन प्रशासन मौन है। ऐसे में अब जनकल्याण समिति ने जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क की लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया है।

जनकल्याण समिति के संयोजक युगल आडील लगातार क्षेत्र की जनसमस्याओं को उठाते रहे हैं। बिजली बिल में गड़बड़ी और उपभोक्ताओं की परेशानी, बुजुर्गों, विधवा महिलाओं एवं दिव्यांग हितग्राहियों को कई महीनों से पेंशन नहीं मिलने, राशन कार्ड से हितग्राहियों के नाम काटे जाने तथा नाम जुड़े होने के बावजूद पर्याप्त राशन आबंटन नहीं मिलने जैसे मुद्दे प्रमुखता से सामने आ रहे हैं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आबादी भूमि से जुड़ी तकनीकी अड़चनों के कारण भी कई पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जरूरतमंद परिवार आवास की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन तकनीकी समस्याओं के चलते उनके आवास स्वीकृति और निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।

इन तमाम समस्याओं को लेकर जनकल्याण समिति जल्द ही धरना-प्रदर्शन करने की तैयारी में है। आंदोलन के तहत जनपद पंचायत कार्यालय के घेराव का कार्यक्रम भी प्रस्तावित होने की चर्चा है। समिति का कहना है कि जब तक आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक जनहित की लड़ाई जारी रहेगी।

जनता को उनका हक दिलाना प्राथमिकता : युगल आडील

समिति के संयोजक युगल आडील ने कहा कि आम जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना और जरूरतमंद लोगों को उनका अधिकार दिलाना समिति की प्राथमिकता है। बिजली बिल, पेंशन, राशन और प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं में लोगों को हो रही परेशानियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। जनकल्याण समिति जनता की आवाज बनकर हमेशा आगे रहेगी। जरूरत पड़ी तो धरना-प्रदर्शन और घेराव के माध्यम से शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।