खेलो इंडिया कबड्डी ट्रायल में दिखा युवाओं का दमखम…ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मौका


पाटन।दुर्ग जिले के मर्रा स्थित इंडोर स्टेडियम में खेलो इंडिया लघु केंद्र के तहत कबड्डी चयन ट्रायल की शुरुआत हो गई है। ट्रायल में दुर्ग सहित बालोद, बेमेतरा, कवर्धा और धमतरी जिले के 100 से अधिक बच्चों ने पंजीयन कराया है। खिलाड़ी पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
खेलो इंडिया द्वारा नियुक्त कोच द्वारा बच्चों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। चयनित खिलाड़ियों के लिए आवासीय कैंप आयोजित किया जाएगा, जहां विशेषज्ञ कोचों के मार्गदर्शन में आधुनिक तकनीक और खेल कौशल की ट्रेनिंग दी जाएगी।
प्रशिक्षण के बाद खिलाड़ी ब्लॉक, जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। ट्रायल के पहले दिन खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ग्रामीण क्षेत्रों से आए प्रतिभाशाली बच्चों की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।