पाटन। छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज पाटन राज के तत्वावधान में मंगलवार 6 अक्टूबर को स्वामी आत्मानंद जयंती समारोह का भव्य आयोजन कुर्मी भवन पाटन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे स्वामी आत्मानंद चौक स्थित ब्रह्मलीन स्वामी आत्मानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद कुर्मी भवन में मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के केंद्रीय अध्यक्ष सीताराम वर्मा रहे। अध्यक्षता राजप्रधान पाटन राज युगल किशोर आडिल ने की। विशेष अतिथि के रूप में पूर्व राजप्रधान अमरचंद वर्मा, जवाहर वर्मा एवं मेहत्तर राम वर्मा उपस्थित रहे।

स्वामी आत्मानंद जयंती के अवसर पर राजकार्यकारिणी द्वारा जमीनी स्तर पर समाज के लिए कार्य करने वाले पाटन राज के विभिन्न ग्राम इकाइयों के ग्राम प्रमुखों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रभारी अरुण कश्यप एवं साथियों ने मनमोहक भजनों की प्रस्तुति देकर समां बांधा।

कार्यक्रम का संचालन छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज पाटन राज के राजमंत्री केदार कश्यप ने किया। इस अवसर पर युवा अध्यक्ष राकेश आडिल, जयश्री वर्मा, जनपद सदस्य रश्मि वर्मा, उर्वशी वर्मा, लीलाधर वर्मा, मिथिला वर्मा, कामिनी धुरंधर सहित समाज के पदाधिकारी, ग्राम प्रमुख एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।




