सर्वेयर की तबीयत खराब होने से अधूरा रह गया सर्वे, पंचायत ने शिविर लगाकर जमा कराए सुधार के आवेदन

पाटन। सेवा सहकारी समिति निपानी क्रमांक 2525 के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत अकतई, चारभाठा और रीवागहन के किसानों की गिरदावरी और रकबा सुधार की समस्या सामने आई है। जानकारी के अनुसार, सर्वेयर की तबीयत खराब होने के कारण क्षेत्र में सर्वे का कार्य पूरा नहीं हो पाया, जिसके चलते लगभग 85 किसानों की गिरदावरी प्रभावित हुई है। वहीं कुछ किसानों की गिरदावरी दर्ज नहीं होने की भी जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि संबंधित किसानों को सेटेलाइट सर्वे के आधार पर गिरदावरी किए जाने की जानकारी दी गई है। इसके चलते कई किसानों का रकबा कम अथवा शून्य दर्ज हो गया है। ऐसी स्थिति में किसान समर्थन मूल्य पर धान बेचने से वंचित हो सकते हैं। धान खरीदी का समय नजदीक होने के कारण किसानों की चिंता लगातार बढ़ रही है।

समस्या को देखते हुए ग्राम पंचायत अकतई द्वारा शिविर आयोजित कर रकबा कटने और गिरदावरी में त्रुटि से प्रभावित किसानों से आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज जमा कराए गए। ग्राम पंचायत अकतई के सचिव एवं बेल्हारी सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक बी.आर. वर्मा द्वारा सभी आवेदन एकत्रित कर तहसीलदार पाटन के समक्ष जमा भी करा दिए गए हैं।
इसके बावजूद अब तक किसानों के रकबे में सुधार नहीं हो पाया है। किसान लगातार कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द गिरदावरी एवं रकबा सुधार की प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि उन्हें धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।






