रायपुर |
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज इस साल की कैबिनेट की अंतिम बैठक होने जा रही है। इसमें सबसे अहम निर्णय तेंदूपत्ता खरीदी को लेकर होने की संभावना है। इसके लिए बैठक में राज्य सरकार द्वारा सहकारी बैंक संघों के माध्यम से बैंकों और वित्तीय संस्थानों से 400 करोड़ रुपए का कर्ज लेने की अनुमति दी जा सकती है।
सूत्रों के अनुसार, 400 करोड़ रुपए के लोन लेने की प्रक्रिया से 240 करोड़ रुपए की अतिरिक्त आय होने की संभावना है। दरअसल, छत्तीसगढ़ सरकार ने तेंदूपत्ता खरीदी प्रति मानक बोरा 4000 रुपए से बढ़ाकर 5500 रुपए कर दी है। इससे प्रदेश के 12 लाख 50 हजार संग्राहक परिवारों को लाभ मिलेगा।
एक मानक बोरे में 100 गड्डी तेंदूपत्ता होती है और प्रत्येक गड्डी में करीब 500 पत्ते होते हैं। यानी एक मानक बोरे में लगभग 50 हजार पत्ते शामिल होते हैं। संग्रहण दर में बढ़ोतरी से संग्राहकों की आमदनी में सीधा इजाफा होगा।
राज्य सरकार ने बजट 2025-26 में भी तेंदूपत्ता खरीदी के लिए 200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। बताया जा रहा है कि इस बैठक में तेंदूपत्ता खरीदी के साथ-साथ धान खरीदी की गति की समीक्षा भी की जाएगी।
वहीं, जनवरी में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय खेल महोत्सव के आयोजन से संबंधित विषयों पर भी कैबिनेट में चर्चा होने की संभावना है।







