अंडा-अछोटी मार्ग पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाला बदमाश गिरफ्तार

अंडा। सार्वजनिक मार्ग पर धारदार हथियार लहराकर राहगीरों में दहशत फैलाने वाले एक आदतन बदमाश को अंडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार हथियार बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 मई 2026 को थाना अंडा पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम अंडा से ग्राम अछोटी जाने वाले सार्वजनिक मार्ग पर एक युवक हथियार लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जागेश्वर साहू उर्फ जग्गू (29 वर्ष) निवासी अंडा थाना अंडा जिला दुर्ग बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक धारदार हथियार जप्त किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी थाना अंडा का आदतन गुंडा बदमाश है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की। घटना ग्राम अंडा से ग्राम अछोटी जाने वाले सार्वजनिक मार्ग की बताई जा रही है, जहां आरोपी लोगों में भय और आतंक का माहौल बनाने का प्रयास कर रहा था।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या कानून व्यवस्था भंग होने की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ समय पर सख्त कार्रवाई की जा सके।