25 साल में पहली बार रविवार को खुलेगी विधानसभा, सदन में विजन 2047 पर होगी चर्चा ..नया सदन रविवार से शुरू होगा, 14 से 17 दिसंबर तक शीतकालीन सत्र



सीजीमितान न्यूज

नया रायपुर में बने छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन में कामकाज की शुरुआत 14 दिसंबर से होगी। राज्य बनने के बाद 25 साल के संसदीय इतिहास में पहली बार ऐसा होगा जब विधानसभा रविवार के दिन बैठेगी। विधानसभा की पहली बैठक गुरुवार 14 दिसंबर साल 2000 को हुई थी।
राज्य सरकार की कार्ययोजना और रणनीति पर चर्चा की जाएगी। सत्र 14 से 17 दिसंबर तक चलेगा। इस सत्र के लिए विधायकों ने कुल 528 सवाल लगाए हैं, जिनमें 333 तारांकित और 195 अतारांकित प्रश्न शामिल किए गए हैं। इनमें कानून-व्यवस्था, धान खरीदी में दिक्कतें, खराब सड़कें, राशन वितरण जैसे सवाल शामिल हैं। वहीं 9 दिसंबर से विधानसभा सचिवालय और स्टाफ का कामकाज नए भवन में ही खबर देना होगा।
15 दिसंबर को आएगा अनुपूरक बजट, नए में शिफ्टिंग पूरी
चार दिवसीय सत्र के पहले दिन प्रश्नकाल नहीं होगा। वहीं दूसरे दिन सोमवार 15 दिसंबर को राज्य सरकार अनुपूरक बजट प्रस्तुत करने की तैयारी में है। इस दौरान निजी विवि संशोधन विधेयक, छत्तीसगढ़ भंडार क्रय नियम, 2002 में किए गए संशोधन और दुकानों का पंजीयन श्रम विभाग में करने संबंधित विधेयक भी लाया जाएगा। वहीं दूसरी ओर पुराने विधानसभा भवन से सभी विभागों के सामान की शिफ्टिंग पूरी हो चुकी है। दो दिसंबर से शिफ्टिंग शुरू हुई थी जिसे शनिवार शाम तक पूरा कर लिया था। बताया गया कि एक-दो दिन में भी नए भवन में विधानसभा सचिवालय का कामकाज शुरू हो जाएगा।
धर्मांतरण संशोधन विधेयक भी संभावित
बताया गया है कि इस नई विधानसभा के पहले सत्र को और खास बनाने के लिए धर्मांतरण संशोधन विधेयक लाने की संभावना है। प्रदेश में धर्मांतरण की लगातार शिकायतें और कार्रवाई को लेकर सरकार संकेत दे चुकी है।