जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र नागरिक तक पहुंचे, यही ‘विश्वास के विकास के 12 वर्ष’ अभियान का उद्देश्य” — श्रीमती नेहा बाबा वर्मा

पाटन। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “विश्वास के विकास के 12 वर्ष” जनकल्याण अभियान के अंतर्गत 20 जून 2026 को डॉ. खूबचंद बघेल सामुदायिक भवन, अटारी (नगर पंचायत पाटन) में प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक वृहद हितग्राही पंजीकरण एवं जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर नगर पंचायत पाटन की सभापति एवं वार्ड क्रमांक 4 (अखरा) की पार्षद श्रीमती नेहा बाबा वर्मा ने नगर पंचायत क्षेत्र के सभी नागरिकों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है।

श्रीमती नेहा बाबा वर्मा ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में नागरिकों को विभिन्न योजनाओं में पंजीयन, आवश्यक मार्गदर्शन तथा समस्याओं के त्वरित निराकरण की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि शिविर में महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमि एवं राजस्व संबंधी प्रकरण, पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, किसान हितग्राही योजनाएं, सड़क, नाली, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता तथा अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं एवं विकास कार्यों से संबंधित आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

श्रीमती नेहा बाबा वर्मा ने कहा कि यह शिविर केवल आवेदन जमा करने का माध्यम नहीं, बल्कि शासन और आमजन के बीच विश्वास, पारदर्शिता एवं जनसेवा को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचें, अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त करें।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नगर पंचायत पाटन के नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से यह जनकल्याणकारी अभियान सफल होगा और शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का संकल्प और अधिक सशक्त होगा।