रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है। संगठन को प्रदेश स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रकोष्ठ में कुल 60 पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेन्द्र साहू की अनुशंसा पर प्रदेश संयोजक बी.सी. साहू एवं सह संयोजक रमाकांत साहू ने नवमनोनित पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
प्रदेश कार्यालय से जारी मनोनयन सूची में विभिन्न विभागों और क्षेत्रों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों को प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। इसमें सह संयोजक, महामंत्री, संयुक्त सचिव, संगठन सचिव, संगठन सह सचिव, मीडिया प्रभारी, सोशल मीडिया प्रभारी सहित विभिन्न दायित्वों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
संगठन पदाधिकारियों के अनुसार, मनोनयन में सक्रियता, कार्यकुशलता, संगठन के प्रति प्रतिबद्धता और समाजहित में योगदान को प्राथमिकता दी गई है। कार्यकारिणी के विस्तार से अधिकारी-कर्मचारी वर्ग की संगठन में भागीदारी बढ़ने के साथ ही समाजहित से जुड़े कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रदेशभर में और गति मिलने की उम्मीद है।
प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बी.सी. साहू ने कहा कि कार्यकारिणी के विस्तार से अधिकारी-कर्मचारी वर्ग की संगठनात्मक सहभागिता को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने नवमनोनित पदाधिकारियों से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने, समाजहित में योगदान देने और संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने की अपील की।
बी.सी. साहू ने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ को प्रदेश के सभी जिलों और क्षेत्रों में मजबूत एवं सक्रिय बनाना प्राथमिकता है। नए पदाधिकारियों के सहयोग से संगठन को जमीनी स्तर तक और अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।







