केसीसी चेक पर ऑपरेटर ने खुद किए हस्ताक्षर, 42 किसानों के नाम से जारी किए चेक, रानीतराई थाना में मामला दर्ज

पाटन। सेवा सहकारी समिति जरवाय में किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) चेक में छेड़छाड़ और कूटरचना का मामला सामने आया है। समिति के कंप्यूटर ऑपरेटर पुराणिक साहू पर प्रबंधक की अनुमति के बिना उनकी सील का इस्तेमाल कर 42 किसानों के केसीसी चेक पर स्वयं हस्ताक्षर करने और अलग-अलग किसानों के नाम से चेक जारी करने का आरोप है। सहकारिता विभाग की शिकायत पर रानीतराई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक विश्वासघात सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर को प्रभारी समिति प्रबंधक महेंद्र चक्रधारी, वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक खगेश देशमुख एवं सहकारिता विस्तार अधिकारी भूपेंद्र चंद्रवंशी ने मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि पुराणिक साहू पहले समिति केशरा में पदस्थ थे। बाद में उन्हें जरवाय समिति में जिम्मेदारी दी गई थी।

आरोप है कि बीते 24 अप्रैल को कार्यालय के दराज में रखी तत्कालीन प्रबंधक टिकेश्वर यादव की सील का इस्तेमाल कर आरोपी ने केसीसी चेक पर स्वयं हस्ताक्षर कर दिए। इसके अलावा 25 जून को कंप्यूटर ऑपरेटर ने जरवाय निवासी किसान शत्रुघ्न लाल को निर्धारित सीमा से अधिक खाद वितरण के लिए नियम विरुद्ध चेक जारी किया।

मामले की शिकायत मिलने के बाद फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विवेचना कर रही है।