उरांव सरना आदिवासी समाज भिलाई-दुर्ग ने धूमधाम से मनाई भगवान बिरसा मुंडा की जयंती

भिलाई। उरांव सरना आदिवासी समाज भिलाई-दुर्ग द्वारा समाजजनों के सहयोग से 15 नवंबर 2026 को सेक्टर-6 स्थित जुबली पार्क में जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज के बैगा, समस्त पदाधिकारी गण, कार्यकारिणी सदस्य और समाजजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर पुष्प और माल्यार्पण कर उन्हें कोटि-कोटि नमन करते हुए किया गया। इस दौरान समाज के सदस्यों ने अपने विचार प्रकट किए और भगवान बिरसा मुंडा की वीरता व साहस के किस्से सुनाए।

वक्ताओं ने बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्षों को याद करते हुए कहा कि 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलीहातू गांव में मुंडा जनजाति में जन्मे बिरसा मुंडा का आदिवासी समुदाय में विशेष स्थान है, जिन्हें ‘धरती आबा’ (धरती के पिता) के नाम से जाना जाता है। उन्होंने आदिवासियों को एकजुट कर ब्रिटिश शासन और जमींदारों के अत्याचार के खिलाफ ‘उलगुलान’ जैसा बड़ा आंदोलन खड़ा किया। साथ ही, समाज में सुधार लाने के लिए शराबबंदी, स्वच्छता और शिक्षा पर विशेष जोर दिया। वक्ताओं ने बताया कि 1895 में कुछ अलौकिक घटनाओं के बाद लोग उन्हें भगवान का अवतार मानने लगे थे और 9 जून 1900 को रांची जेल में उनकी रहस्यमयी मृत्यु हो गई। उन्हीं के सम्मान में पूरे भारत में हर वर्ष 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है।

प्रमुख उपस्थिति एवं मातृशक्तियों का योगदान
समारोह में मुख्य रूप से श्री नान साय भगत जी, सुशील, राजेश्वर, नेपाल राम, जय राम भगत, मनराज राम, साखू राम, चंद्रिका भगत जी एवं भिन्सू भगत उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में समाज की मातृशक्तियों का विशेष और सराहनीय योगदान रहा। इसमें समाज की संरक्षिका श्रीमती पार्वती भगत सहित अन्य पदाधिकारी श्रीमती नीलिमा भगत, निर्मला, उषा, ज्योति, धनपति, कुसुम, उर्मिला, सेवंती, सुमित्रा भगत, सरस्ती भगत, चुरामणि और मनकुंवारी सक्रिय रूप से मौजूद रहीं।