राजपत्रित अधिकारी संघ ने भूपेंद्र पांडेय एवं नंदलाल चौधरी का किया अभिनंदन

रायपुर।छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के तत्वावधान में इंद्रावती भवन में संगठन के लिए लंबे समय तक समर्पित रहे श्री भूपेंद्र पांडेय, अपर संचालक एवं श्री नंदलाल चौधरी, संयुक्त संचालक के सेवानिवृत्त होने के उपरांत अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के संगठनात्मक योगदान को स्मरण करते हुए उनका सम्मान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ के उपाध्यक्ष श्री दिलदार मरावी ने कहा कि दोनों अधिकारी अपने शासकीय दायित्वों के प्रति सदैव समर्पित रहे तथा कर्मचारियों एवं अधिकारियों को अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करने के लिए प्रेरित करते रहे।

श्री डी.पी. टावरी एवं श्री पूषण साहू ने कहा कि राजपत्रित अधिकारी संघ को मजबूत एवं संगठित करने में दोनों अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कर्मचारी संगठनों से एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया।
श्री अभिषेक शर्मा एवं श्री पी.एल. साहरा ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के अनुभव एवं मार्गदर्शन का लाभ कर्मचारी संगठनों को मिलता रहना चाहिए। वहीं श्री संजय अम्बस्त एवं श्री मौसम मेहरा ने उनके संगठनात्मक योगदान को रेखांकित करते हुए अधिकारियों से अपने अधिकारों के लिए संगठित प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।
श्री जय कुमार साहू एवं श्री संतोष कुमार वर्मा ने छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के विभिन्न आंदोलनों को सफल बनाने में दोनों अधिकारियों के योगदान एवं रणनीतिक भूमिका का उल्लेख करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संगठन को गति देने में दोनों का महत्वपूर्ण योगदान : कमल वर्मा
संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री कमल वर्मा ने कहा कि राजपत्रित अधिकारी संघ को प्रदेशभर में संगठित करने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने में श्री भूपेंद्र पांडेय एवं श्री नंदलाल चौधरी का उल्लेखनीय योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों की सक्रिय भूमिका एवं अनुभव संगठन की महत्वपूर्ण पूंजी है। भविष्य में भी संगठनात्मक गतिविधियों एवं आंदोलनों के दौरान उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ लिया जाएगा।
एकता से शासकीय सेवकों को मिला आर्थिक लाभ : नंदलाल चौधरी
अभिनंदन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए श्री नंदलाल चौधरी ने कहा कि राजपत्रित अधिकारी संघ के संबंध में उन्होंने जो सपना देखा था, वह आज साकार हो चुका है। संगठन की एकजुटता और संघर्ष के माध्यम से प्रदेश के शासकीय सेवकों को महत्वपूर्ण आर्थिक लाभ प्राप्त हुए हैं। उन्होंने सभी कर्मचारी एवं अधिकारी संगठनों से भविष्य में भी एकता बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन संघ के महासचिव श्री अविनाश तिवारी ने किया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारियों को संघ के साथ निरंतर जोड़कर उनके अनुभव का लाभ संगठन को मिलता रहना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में श्री डी.पी. टावरी ने सफल आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।







