बिजली दरों में बढ़ोतरी से जनता परेशान, नेता प्रतिपक्ष आभाष दुबे ने सरकार पर साधा निशाना

पाटन। प्रदेश में बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। नगर पंचायत पाटन के नेता प्रतिपक्ष आभास दुबे ने भाजपा सरकार पर आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का आरोप लगाया है।

आभास दुबे ने कहा कि डीजल, पेट्रोल और खाद्य तेल के दामों में वृद्धि के बाद अब बिजली की बढ़ी हुई दरों का झटका भी छत्तीसगढ़वासियों को झेलना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई के दौर में आम जनता पहले से ही परेशान है, ऐसे में बिजली दरों में वृद्धि से घरेलू उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण गरीब और मध्यम वर्ग के परिवार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। दुबे ने कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच लोगों की आय नहीं बढ़ रही है, जबकि रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस लेने तथा आम उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जनता को राहत नहीं मिली तो विपक्ष इस मुद्दे को लेकर आगे भी आवाज उठाएगा।