पारे की बढ़ती चाल से हाल हो रहे बेहाल,झुलसा रहे आग सी गर्म हवाओं के थपेड़े

बलौदाबाजार। इन दिनों सूर्य की तल्ख किरणें मानो आसमान से आग बरसा रही है। जैसे-जैसे दिन चढ़ता है गर्मी प्रचंड रूप लेती जाती है। दोपहर के समय तो बाहर निकलने पर गर्म हवाओं के थपेड़े जनमानस को झुलसा रहे हैं। भीषण गर्मी के चलते सड़के तवे की तरह तप रही है। झुलसाती गर्मी में आसमान से आग बरसने का एहसास हो रहा है। गर्मी से लोगों के हाल बेहाल हो रहे हैं गर्म हवा के थपेड़ों के बीच लू लगने की आशंका बढ़ गई है।

अंचल सहित जिले भर में भीषण गर्मी का सिलसिला जारी है। दिन निकलने के घंटे दो घंटे बाद सूर्य आग उगलता हुआ सा नजर आता है। सुबह 10 बजे से सड़के तपने लगती हैं। चिलचिलाती धूप होने से दिन भर तपिश का अहसास बना रहता है।वातावरण में उमस व गर्म बनी रहने से पंखे भी गर्म हवा फैंक रहे हैं। जरूरी काम से घरों से बाहर निकले लोगों को गर्म हवा के थपेड़ों से परेशानी महसूस हो रही है।

एक सप्ताह से पड़ रही प्रचंड गर्मी से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। सूर्यदेव अपनी प्रचंड रूप दिखा रहे हैं। तेज गर्मी की वजह से मौसमी बीमारिया भी चपेट में ले रही है। लोग पेड़ की छांव के नीचे जाकर राहत महसूस कर रहे हैं। दोपहर के समय तेज धूप में कुलर भी राहत नहीं दे पा रहे हैं। दिन तो दिन रात को भी गर्मी का अहसास बना रहता है। दिन में धूप से बचने के लिए लोग गमछा बांधकर व टोपी लगाकर निकलने मजबूर है। सबसे अधिक परेशानी मजदूर वर्ग को हो रही है। वही जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है वैसे-वैसे जल स्तर भी नीचे जा रहा है।

क्या कहते हैं चिकित्सक

चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर गुरु गोविंद वर्मा ने बताया कि अत्यधिक गर्मी में लू (तापघात) की संभावना जानलेवा हो सकती है। लू से बचाव के लिए धूप में बाहर जाते समय हमेशा सफेद या हल्के रंग के ढील सूती वस्त्रो का प्रयोग करें। भोजन करके एवं पानी पीकर ही बाहर निकले। गर्मी के मौसम में कान व सिर को गमछे या तौलिए से ढककर ही धूप में निकले। रंगीन चश्में व छतरी का प्रयोग करें। गर्मी में हमेशा पानी अधिक मात्रा में पिए एवं पेय पदार्थों का अधिक से अधिक मात्रा में सेवन करें। बाहर जाते समय अपने साथ पानी रखें। गर्मी के दिनों में बच्चों का विशेष ध्यान रखें बच्चों को सिखाए की जब भी उन्हें अधिक गर्मी महसूस हो तो वह तुरंत घर के अंदर आए। गर्मी के दिनों में बुजुर्गों का भी विशेष ध्यान रखें उन्हें धूप में घर से बाहर न निकलने दे व उन्हें समय-समय पर पानी पीने के लिए प्रेरित करें एवं सुपाच्य भोजन तथा तरल पदार्थों का सेवन करवाये। गर्मी के दिनों में ठंडा मौसमी फलों का सेवन करें।