बलराम यादव
पाटन। गोडपेंडरी स्कूल के पास से फुंडा सब्जी बाड़ी होते हुए रायपुर रोड तक जाने वाला मुख्य सड़क मार्ग पिछले एक सप्ताह से पूरी तरह बंद पड़ा हुआ है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि प्रशासन को अब तक इसकी भनक तक नहीं लगी है।
जानकारी के अनुसार, उक्त मार्ग पर मवेशी की दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने की घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर लकड़ियाँ रखकर रास्ता बाधित कर दिया, जिससे इस मार्ग से होने वाला आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। सड़क बंद होने से क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों एवं दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग का उपयोग क्रेशर एवं पत्थर खदानों से निकलने वाले भारी वाहनों द्वारा बड़े पैमाने पर किया जाता था। सड़क बंद होने के बाद अब इन भारी वाहनों को नहर पार के रास्ते से निकाला जा रहा है, जिससे शासन की सिंचाई नहर को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि भारी वाहनों के आवागमन से नहर की संरचना लगातार खराब हो रही है, लेकिन संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क मार्ग को शीघ्र खुलवाया जाए, दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए उचित सुरक्षा व्यवस्था की जाए तथा भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया जाए, ताकि आम जनता और सरकारी संपत्तियों को नुकसान न हो।






