गोंडपेंडरी में सीमेंट प्लांट जाने वाली सड़क जर्जर, गड्ढों के कारण पलटा ट्रक

बदहाल सड़क से ग्रामीण परेशान, आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा

पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम गोंडपेंडरी में सीमेंट प्लांट और पत्थर खदान क्रेशर की ओर जाने वाली सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार सुबह सीमेंट फैक्ट्री की ओर जा रहा एक ट्रक सड़क पर पलट गया। इस घटना ने सड़क की बदहाली और दुर्घटनाओं के खतरे को एक बार फिर उजागर कर दिया है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण छोटी गाड़ियों से आवागमन करना भी मुश्किल हो गया है। वाहन चालकों को गड्ढों से बचकर निकलने के दौरान काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। इसके बावजूद सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि इसी मार्ग का उपयोग वे अपने खेतों तक आने-जाने के लिए भी करते हैं। सड़क पर यातायात का दबाव अधिक नहीं होने के बावजूद गड्ढों के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर दोपहिया और छोटी गाड़ियों से गुजरने वाले लोगों के लिए यह मार्ग जोखिम भरा बन गया है। मरम्मत की मांग ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके और संभावित दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।