सरपंच संघ ने लगाया आरोप, स्वयं को पत्रकार बता कर आर टी आई लगाने और सरपंचों से अवैध उगाही करने वाले कथित पत्रकार पर कार्रवाई की मांग, टी आई को सौंपा ज्ञापन

बालोद। आरटीआई के नाम पर ग्राम पंचायतों के सरपंचों से रुपए की मांग करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए ब्लॉक सरपंच संघ ने एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सरपंचों ने बालोद कोतवाली थाना पहुंचकर थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा को लिखित शिकायत सौंपी।

सरपंचों का आरोप है कि बालोद निवासी रितेश कुमार स्वयं को पत्रकार बताकर ग्राम पंचायतों में सूचना का अधिकार अधिनियम (आरटीआई) के तहत आवेदन लगाता है। इसके बाद पंचायत के सरपंच एवं पंचों से रुपए की मांग करने तथा रुपए नहीं देने पर धमकी देने का आरोप लगाया गया है। सरपंचों ने संबंधित व्यक्ति पर आरटीआई का दुरुपयोग कर पंचायतों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में सरपंच संघ ने कहा कि इस तरह के मामलों से पंचायत प्रतिनिधियों में भय का माहौल बन रहा है। संघ ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

शिकायत के दौरान ब्लॉक सरपंच संघ के अध्यक्ष कृष्णा राम साहू सहित ग्राम झलमला, जगतरा, तरीद, मुंगेडा, मालगांव, मनोद, नर्रा, बोड़की, बेलमांड, देवारभाट, ओरमा, भोथली, हीरापुर, जुंगेरा सहित अन्य ग्राम पंचायतों के सरपंच मौजूद रहे।

सरपंच संघ का कहना है कि पत्रकारिता की आड़ में यदि कोई व्यक्ति पंचायत प्रतिनिधियों से अवैध रूप से रुपए की मांग करता है या धमकी देता है, तो ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।