आंधी-तूफान से पेड़ व बिजली तार गिरे, ट्रांसफार्मर पोल भी क्षतिग्रस्त, गांव की बिजली आपूर्ति बंद

पाटन। पाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महुदा में शुक्रवार शाम आए तेज आंधी-तूफान के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया। तेज हवा के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिर गए तथा बिजली के तार भी क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं तालाब किनारे लगा ट्रांसफार्मर पोल सहित गिर जाने से गांव की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।

जानकारी के अनुसार घटना के बाद सुरक्षा की दृष्टि से गांव की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है। इससे ग्रामीणों को अंधेरे और दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।

बताया जा रहा है कि संबंधित विभाग को सूचना दे दी गई है और क्षतिग्रस्त बिजली लाइन एवं ट्रांसफार्मर की मरम्मत के बाद आपूर्ति बहाल किए जाने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से टूटे बिजली तारों और प्रभावित क्षेत्र से दूरी बनाए रखने की अपील की है।