घरेलू गैस सिलेंडर के लिए मशक्कत, तेज गर्मी में घंटों लाइन में लगना मजबूरी, पैसा जमा करने के 12 दिन बाद मिल रहा है सिलेंडर, शताक्षी गैस एजेंसी करसा का मामला

पाटन।
एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। मामला करसा स्थित शताक्षी एच पी गैस एजेंसी का है, जहां उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर लेने के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
एजेंसी पर इन दिनों उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। सबसे पहले लोगों को पैसा जमा करने के लिए घंटों तपती गर्मी में लाइन में खड़ा रहना पड़ता है, उसके बाद उन्हें टोकन दिया जाता है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि टोकन मिलने के बाद भी उपभोक्ताओं को तुरंत गैस सिलेंडर नहीं मिल पाता।
बताया जा रहा है कि पैसा जमा करने के करीब 12 दिन बाद की तारीख गैस सिलेंडर लेने के लिए दी जा रही है। और जब उपभोक्ता तय तारीख पर एजेंसी पहुंचते हैं, तब भी उन्हें घंटों लाइन में लगना पड़ता है।
सबसे बड़ी समस्या यह है कि एजेंसी के पास मौके पर पर्याप्त सिलेंडर उपलब्ध नहीं रहते, जिससे जितने उपभोक्ता पहुंचते हैं, सभी को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पाता।
इस पूरी व्यवस्था से सबसे ज्यादा परेशान ग्रामीण उपभोक्ता हैं, जिन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
फिलहाल सवाल यह है कि आखिर कब तक उपभोक्ताओं को इस तरह की परेशानियों से जूझना पड़ेगा, और संबंधित विभाग इस समस्या का समाधान कब करेगा।