गर्मी से पहले ही जवाब दे गया सिस्टम, अहिवारा में लाखों के वाटर एटीएम बंद

गोवर्धन ताम्रकार
अहिवारा।
भीषण गर्मी आने से पहले ही नगर पालिका अहिवारा की लापरवाही उजागर हो गई है। आम जनता को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लाखों रुपये की लागत से लगाए गए वाटर एटीएम लंबे समय से बंद पड़े हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं। नंदिनी नगर क्षेत्र के मार्केट और रेलवे क्रॉसिंग जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगे वाटर एटीएम बंद होने से लोगों में भारी आक्रोश है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी, वैसे-वैसे पीने के पानी की समस्या और गंभीर होती जाएगी। प्रतिदिन सैकड़ों राहगीर, दुकानदार और मजदूर इन वाटर एटीएम पर निर्भर रहते थे, लेकिन अब उन्हें मजबूरी में महंगा पानी खरीदना पड़ रहा है या फिर असुरक्षित जल स्रोतों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
जनहित की बताई गई यह योजना रखरखाव के अभाव में पूरी तरह दम तोड़ चुकी है। सवाल यह है कि जब लाखों रुपये खर्च किए गए, तो उनकी नियमित देखरेख क्यों नहीं की गई? क्या जनता के टैक्स के पैसों की कोई जवाबदेही नहीं है? गर्मी सिर पर है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन अब तक सिर्फ “तकनीकी खराबी” का बहाना बनाकर मामले को टालता नजर आ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही वाटर एटीएम चालू नहीं किए गए तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं नगर पालिका के अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी और रखरखाव संबंधी समस्याओं के कारण वाटर एटीएम बंद हैं और जल्द सुधार किया जाएगा।
अब बड़ा सवाल यह है कि गर्मी के प्रकोप में जनता को पानी मिलेगा या फिर फाइलों में ही सुधार होता रहेगा?