तरीघाट का उपस्वास्थ्य केंद्र खुद बीमार, पानी की कमी से मरीज और स्टाफ परेशान


पाटन।
ब्लॉक के ग्राम तरीघाट स्थित उपस्वास्थ्य केंद्र इन दिनों मूलभूत सुविधाओं के अभाव में खुद ही “बीमार” नजर आ रहा है। यहां सबसे बड़ी समस्या पेयजल की बनी हुई है, जिससे न केवल स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ बल्कि इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीज भी गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, उपस्वास्थ्य केंद्र परिसर में अब तक बोरवेल की व्यवस्था नहीं हो पाई है। पानी की स्थायी सुविधा नहीं होने के कारण यहां कार्यरत कर्मचारी रोजाना पानी की कमी से जूझते हैं। वहीं दूर-दराज से आने वाले मरीजों को भी पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ जाती है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कई बार इस समस्या को लेकर संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। पूर्व सरपंच अशोक साहू ने भी कई बार उपस्वास्थ्य केंद्र में बोर खनन कराने की मांग उठाई, बावजूद इसके आज तक समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्वास्थ्य केंद्र जैसे संवेदनशील स्थान पर इस प्रकार की लापरवाही से ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जहां मरीजों को राहत मिलनी चाहिए, वहीं उन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द उपस्वास्थ्य केंद्र में बोरवेल की व्यवस्था कर पानी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि मरीजों और स्टाफ को राहत मिल सके।