पाटन। ठेठवार यादव समाज पाटन राज द्वारा छाटा परिक्षेत्र के ग्राम फुंडा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के लोगों सहित ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

जन्माष्टमी के अवसर पर हांडी फोड़ एवं दही लूट का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं समाज के युवाओं द्वारा पारंपरिक राउत नाच का शानदार प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद सदस्य आनंद बघेल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ठेठवार यादव समाज पाटन राज के अध्यक्ष ईश्वर यदु ने की। वहीं विशेष अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत फुंडा के सरपंच रोशन वर्मा उपस्थित रहे।

आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय यादव समाज फुंडा के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। जन्माष्टमी समारोह में बड़ी संख्या में यादव समाज के पदाधिकारी, सदस्य एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।






