तिरंगा हमारी शान है, हम भारतीयों की पहचान है” के नारों से गूंजा शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव आर

शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव आर–भरर में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा के दौरान महाविद्यालय परिसर एवं आसपास का क्षेत्र “तिरंगा हमारी शान है, हम भारतीयों की पहचान है”, “भारत माता की जय” एवं “वंदे मातरम्” जैसे देशभक्ति नारों से गूंज उठा।
रैली प्रारंभ होने से पूर्व महाविद्यालय परिवार द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” का गायन किया गया। राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन से पूरा महाविद्यालय परिसर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया और विद्यार्थियों एवं स्टाफ में राष्ट्रीय गौरव एवं उत्साह का संचार हुआ।
कार्यक्रम का मार्गदर्शन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने किया। उन्होंने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए विद्यार्थियों को देशभक्ति की भावना को सदैव अपने हृदय में बनाए रखने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को कभी न भूलने की सलाह दी। प्राचार्य के नेतृत्व में स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा में सहभागिता की।
इंद्रदेव की कृपा से बरसते पानी के बीच भी विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ का उत्साह कम नहीं हुआ। सभी ने पूरे जोश और उमंग के साथ तिरंगा यात्रा में भाग लिया तथा देशभक्ति गीतों एवं नारों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना का प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) प्रभारी चेतना सोनी ने महाविद्यालय के स्टाफ एवं विद्यार्थियों के सहयोग से कार्यक्रम का सफल संयोजन किया। वहीं क्रीड़ा प्रभारी डॉ. नरेश धर दीवान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को सदैव राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश के लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए।
तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता कार्य करने तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संकल्प लिया। साथ ही विद्यार्थियों ने “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत घर-घर तिरंगा फहराने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने तिरंगे के वर्तमान स्वरूप को ड्राइंग के माध्यम से आकर्षक ढंग से प्रस्तुत कर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने “सेल्फी विद तिरंगा” गतिविधि में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों द्वारा तिरंगे के साथ ली गई सेल्फी को माय भारत (MY Bharat) की वेबसाइट पर अपलोड कर प्रमाणपत्र प्राप्त किए गए।
तिरंगा यात्रा में नीता कुंभारे, ऐश्वर्य ठाकुर, डॉ. अरुणेन्द्र तिवारी, श्री मनोज यादव, श्री रजनीश तिवारी एवं डॉ. आबिद हसन खान का विशेष सहयोग रहा। सभी के सामूहिक प्रयासों एवं सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।