आरंग। आरंग के ग्राम गौरभाट की रेत खदान की अवैध रूप से नीलामी करने पर पुलिस ने 16 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनमें ग्राम के ग्राम समिति अध्यक्ष , सरपंच और सचिव भी शामिल है। आरंग पुलिस ने सहायक खनिज अधिकारी की शिकायत पर ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष सचिव कोषाध्यक्ष सरपंच सचिव सहित सभी सदस्यों पर रिश्वत लेकर रेतखदान नीलाम करने का अपराध दर्ज किया है।

रेत खदान नीलामी का वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल होने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार आरंग सीता शुक्ला और सहायक खनिज अधिकारी भगवत प्रसाद भार्गव ने पूरे प्रकरण की जांच की थी । आरंग थाने में गौर भाट ग्राम विकास समिति अध्यक्ष हरिश्चंद्र चढाकर, सचिव ओंकार साहू ,कोषाध्यक्ष नारायण साहू ,उपाध्यक्ष शारदा साहू, सदस्य लकेश साहू, इटेल कोसले, जयमल कोसले ,घनश्याम साहू, चमन साहू ,तोमन लाल यादव, विष्णु धनकर, सरपंच दुर्गा निषाद, भागवत निषाद, ग्राम सचिव अरुण कुमार ध्रुव, बोलीदार अमित चढ़कर,नीलामी संचालक संतोष सेन पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है ।
वीडियो में संतोष सेन लाउडस्पीकर से नीलामी की प्रक्रिया का संचालन करते भी दिखाई दे रहे थे। इस वीडियो को गांव के ही किसी व्यक्ति ने इंटरनेट मीडिया पर वायरल किया था जिसके बाद यह पूरा मामला सामने आया । नियम है की रेत खदान की नीलामी का कोई भी काम जिला प्रशासन द्वारा किया जाता है लेकिन गांव के लोगों ने अवैध रूप से ही रेत खदान की नीलामी कर दी।






