पंडरिया नगर सहित पूरे क्षेत्र में आज सुबह से ही छाया रहा धुंध, पुरे दिन सूरज के नहीं हुए दर्शन

राजकुमार सिंह ठाकुर

पंडरिया । नगर सहित पूरे क्षेत्र में बुधवार को सुबह से ही धुंध छाया रहा। पुरे दिन सूरज के दर्शन नहीं हुए। करीब 400 मीटर दूर स्थित मैकल की पहाड़ी धुंध में छिपी रही।सुबह धुंध के कारण विजिबिलिटी बहुत कम थी। अचानक धुंध के चलते क्षेत्र में ठंड बढ़ गई। लोग ठंड के चलते पूरे दिन अलाव के सहारे ठंड से बचते नजर आए। मौसम में बदलाव के चलते जहां ठंड में वृद्धि हो गई है,वहीं दलहन फसल व सब्जियों पर भी प्रभाव पड़ने वाला है। अचानक मौसम में बदलाव से पूरा क्षेत्र शीतलहर के चपेट में दिखाई पड़ रहा है। लगातार मौसम इसी प्रकार बना रहा तो अरहर के फूल झड़ जाएंगे,वहीं सब्जियों में भी कीटो का प्रकोप हो सकता है। कृषि विकास अधिकारी सुरेश चंद्र प्रसाद ने बताया कि लगातार धुंध छाए रहने से दलहन व सब्जियों पर प्रभाव पड़ेगा। साथ ही बेमौसम बरसात होने पर भी इन फसलों को नुकसान हो सकता है।