उप मुख्यमंत्री अरुण साव से नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, पाटन को नगर पालिका बनाने की मांग की

रायपुर/पाटन। नगर पंचायत पाटन के अध्यक्ष योगेश निक्की भाले के नेतृत्व में नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने आज छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव से विधानसभा भवन में सौजन्य मुलाकात कर पाटन नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा प्रदान करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नगर पंचायत की सामान्य सभा में परिषद के सभी सदस्यों ने नगर की बढ़ती जनसंख्या, निरंतर हो रहे विकास एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सर्वसम्मति से नगर पंचायत को नगर पालिका बनाने का प्रस्ताव पारित किया है।

नगर पंचायत अध्यक्ष श्री योगेश निक्की भाले ने उप मुख्यमंत्री को बताया कि पाटन नगर का लगातार विस्तार हो रहा है। नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप मूलभूत सुविधाओं एवं अधोसंरचना विकास के लिए नगर पालिका का दर्जा आवश्यक हो गया है। नगर पालिका बनने से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी, संसाधनों में वृद्धि होगी व नागरिकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक प्रक्रिया के तहत सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निशा सोनी, सभापति श्री केवल देवांगन, श्री जितेन्द्र निर्मलकर एवं श्री देवेन्द्र ठाकुर, पार्षद श्रीमती अन्नपूर्णा पटेल, श्रीमती संगीता धुरंधर, एल्डरमैन श्री प्रकाश बिजौरा, श्री गंगाप्रसाद देवांगन एवं श्री योगेश सोनी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री हेमंत वर्मा, उप अभियंता श्री प्रवीण कुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।






