पाटन। नगर पंचायत पाटन के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा नेता कृष्णा भाले के पुत्र अभिषेक भाले की दुकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान के तीन दरवाजों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दोनों दुकानों में रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया।

जानकारी के अनुसार चोर दुकान के गल्ले में रखे सिक्कों के अलावा महंगी सिगरेट और गुटखा भी अपने साथ ले गए। चोरी की घटना को जिस तरीके से अंजाम दिया गया है, उससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात में एक से अधिक चोर शामिल रहे होंगे।

घटना की जानकारी मिलते ही अभिषेक भाले ने पाटन थाना में इसकी सूचना दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

नया बाजार चौक जैसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में हुई इस चोरी की घटना से आसपास के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
गौरतलब है कि पाटन क्षेत्र में बरसात के मौसम के दौरान चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिलती है। ऐसे में लगातार हो रही वारदातों ने व्यापारियों और आम नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।






