बलराम यादव
पाटन।पाटन ब्लॉक के रानीतराई थाना क्षेत्र अंतर्गत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल केसरा में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने स्कूल के डिजिटल क्लासरूम को निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ की और कीमती सामान चोरी कर ले गए।
मिली जानकारी के अनुसार, चोर स्कूल के चैनल गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और खिड़की के रास्ते कमरे में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने डिजिटल क्लासरूम में रखे प्रोजेक्टर को चोरी कर लिया। इतना ही नहीं, बिजली कनेक्शन और तारों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया तथा कई वायर अपने साथ ले गए।
चोरों ने स्कूल की आलमारी को काटने का भी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर कटर वहीं छोड़कर फरार हो गए। साथ ही, कूलर के मोटर भी उखाड़कर ले गए। इस घटना में लगभग 25 हजार रुपये के सामान की चोरी का अनुमान लगाया जा रहा है।
स्कूल की प्राचार्य प्रतिभा मौर्य ने घटना की सूचना रानीतराई थाना में दे दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।







