बलराम यादव

पाटन । क्षेत्र के अमलेश्वर थाना अंतर्गत जमीन खरीद-बिक्री के नाम पर कथित धोखाधड़ी और कूटरचना का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रायपुर के धनलक्ष्मी नगर निवासी अहमद अली (52) की शिकायत पर पंकज घोष, नरेश दमाहे और राजेश चंद्राकर के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर शासकीय रकबे से अधिक भूमि की अवैध प्लॉटिंग की और एक ही जमीन को कई लोगों को बेचकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वर्ष 2013 में घर बनाने के लिए अमलेश्वर के ग्राम मोतीपुर में प्लॉट खरीदने का सौदा किया था। आरोपियों को किस्तों, नकद और चेक के माध्यम से करीब 15 लाख रुपये का भुगतान किया गया। भुगतान पूरा होने के बाद जब रजिस्ट्री की मांग की गई तो पहले प्लॉट बिक जाने की बात कही गई और बाद में दूसरे खसरा नंबर की जमीन देने का प्रस्ताव दिया गया। वर्ष 2021 में रजिस्ट्री तो कराई गई, लेकिन दस्तावेजों का प्रमाणीकरण नहीं कराया गया।
राजस्व विभाग से जानकारी लेने पर शिकायतकर्ता को पता चला कि संबंधित खसरे की भूमि का बड़ा हिस्सा पहले ही बेचा जा चुका था, जिसके कारण प्रमाणीकरण संभव नहीं है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसी प्रकार 30 से 35 अन्य लोगों के साथ भी धोखाधड़ी की गई है।
अमलेश्वर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में दस्तावेजों की जांच, भूमि अभिलेखों का परीक्षण और अन्य पीड़ितों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






