गांव में तालाब नहीं, पहले बनाया अस्थाई कुंड, आज करेंगे ज्वारा विसर्जन, तालाब बनाने ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन, पाटन ब्लॉक का मामला

पाटन।
पाटन ब्लॉक के ग्राम छोटे औरी में तालाब की सुविधा नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात इतने गंभीर हैं कि धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के लिए भी गांववासियों को अस्थाई इंतजाम करने पड़ रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में तालाब नहीं होने के कारण जोत-ज्वारा विसर्जन के लिए पहले अस्थाई कुंड बनाया जाता है और उसमें पानी भरकर धार्मिक कार्य संपन्न किया जाता है। आज भी ग्रामीण इसी अस्थाई कुंड में जोत ज्वारा विसर्जन करने वाले हैं।
समस्या को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए गांव में स्थायी तालाब निर्माण की मांग की है। उनका कहना है कि तालाब के अभाव में न सिर्फ धार्मिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं, बल्कि निस्तारी की समस्या भी गहराती जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, पानी की कमी के चलते मवेशियों को भी भटकना पड़ रहा है, जिससे उनकी देखभाल करना मुश्किल हो गया है। गर्मी के मौसम में स्थिति और विकट हो जाती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द तालाब निर्माण की मांग करते हुए सवाल उठाया है कि आखिर कब गांव को इस मूलभूत सुविधा का लाभ मिलेगा।