दुर्ग में एसडीएम हितेश पिस्दा के साथ धक्कामुक्की का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने नशे की हालत में एसडीएम की कार को ठोकर मारी और फिर उनके साथ गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया। आरोपितों में से एक राकेश यादव भाजपा प्रदेश युवा मोर्चा का कार्यकारिणी सदस्य बताया जा रहा है। तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया और उनके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
यह घटना गुरुवार शाम को हुई जब एसडीएम हितेश पिस्दा आब्जर्वर सूची लेने जा रहे थे, जो 27 जुलाई को आयोजित आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा के लिए आवश्यक थी। पद्मनाभपुर थाना प्रभारी राजकुमार लहरे ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

आब्जर्वर सूची लेने जा रहे थे एसडीएम
27 जुलाई को आयोजित आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा के लिए एसडीएम हितेश पिस्दा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उक्त परीक्षा के परिपेक्ष्य में 25 जुलाई को साइंस कालेज दुर्ग में केंद्राध्यक्षों व पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। एसडीएम इसके लिए आब्जर्वर की सूची लेने जा रहे थे। एसडीएम से धक्कामुक्की करने वाले आरोपितों में से एक राकेश यादव को भाजपा प्रदेश युवा मोर्चा में कार्यकारिणी सदस्य होना बताया जा रहा है।
आरोपित राकेश यादव, विपिन चावड़ा और मनोज यादव के खिलाफ अपराध दर्ज कर रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।






