जर्जर सड़क और धूल के गुबार से नहीं मिला निजात मुनगाडीह मे किया गया चक्काजाम

कोरबा/पाली । जिले की सरहद पतरापाली (बगदेवा) से कटघोरा सड़क मार्ग निर्माण के दौरान एप्रोच और समानांतर सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है, सड़क के परखच्चे उड़ गए हैं और धूल के गुबार से आस पास के रहवासियों और राहगीरों का जीना तथा चलना दूभर हो गया है। इसे लेकर आज 11:00 बजे से मुनगाडीह मे मुख्य मार्ग पर सरपंचो के नेतृत्व में ग्रामीणों ने चक्काजाम किया।इस सड़क मार्ग के त्वरित सुधार और मरम्मत की आवश्यकता है। जर्जर सड़क और धूल के गुबार से निजात दिलाने के लिए डोंगानाला सरपंच पत्रिका खुरसेंगा ने ग्रामीणों सहित कोरबा जाकर कलेक्टर से जन दर्शन मे गुहार लगाई थी। पाली से डूमरकछार और पाली से मुनगाडीह- बकसाही तक की सड़क अपना अस्तित्व खो बैठी है। फोरलेन सड़क का निर्माण डीबीएल कंपनी कर रही है लेकिन एप्रोच सड़क के निर्माण के लिए लोक निर्माण गंभीर है और नहीं डीबीएल कम्पनी। इससे पूर्व भी इस सड़क की जर्जर हालत थी और शासन का ध्यानाकर्षण कराते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग और आंदोलन की गई थी। कांग्रेस की चेतावनी का सकारात्मक असर भी हुआ था और मरम्मत का कार्य किया गया था लेकिन बरसात के बाद एक बार फिर इस सड़क की स्थिति पहले से भी ज्यादा खराब हो गई है। मुनगाडीह के पास सबसे ज्यादा हालत खराब है। जहां जर्जर सड़क के कारण उड़ती धूल से आस पास रहवासी, व्यापारी, सड़क किनारे स्थित आधा दर्जन स्कूल और छात्रावास के सैकड़ों बच्चे बुरी तरह से प्रभावित हैं ।छात्रावासी बच्चों का छात्रावास मे रहना मुश्किल हो गया है, वही स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हो रही है। धूल से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।इस समस्या को लेकर समीपस्थ ग्राम पंचायत डोंगानाला की सरपंच पत्रिका खुरसेंगा ने कलेक्टर से मुलाकात कर जर्जर सड़क के त्वरित निराकरण की मांग की थी। लेकिन आज पर्यंत सुधार कार्य आरंभ नहीं होने पर आज मुनगाडीह चौक पर आसपास के पंचायत के प्रतिनिधि और ग्रामीणों के द्वारा 11:00 बजे से चक्का जाम कर दिया गया, जहां प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुँचकर सड़क सुधार का आश्वासन दिया तब जाकर चक्काजाम समाप्त किया गया।