पाटन में कांवर यात्रा के दौरान नहीं लगा जाम, पुलिस की प्लानिंग रही कारगर, पिछले साल पांच घंटे तक जाम में फंसे थे कांवरिया

पाटन। बोल बम कांवर यात्रा के दौरान इस बार पाटन पुलिस और प्रशासन की बेहतर ट्रैफिक प्लानिंग का असर देखने को मिला। हजारों शिव भक्तों ने बिना किसी परेशानी के टोला घाट पहुंचकर जलाभिषेक किया। खास बात यह रही कि पिछले वर्ष जहां श्रद्धालुओं को चार से पांच घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ा था, वहीं इस बार यातायात व्यवस्था सुचारू रही और भक्तों ने सुलभता से जलाभिषेक किया।

कांवर यात्रा को लेकर एसडीएम पाटन उत्तम कुमार ध्रुव और एसडीओपी प्रांशु तिवारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए थे। प्रशासन और पुलिस द्वारा पहले से ही यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष प्लानिंग की गई थी। तीन प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों को व्यवस्थित तरीके से पार्किंग के लिए लगाया गया, जिससे सड़क पर वाहनों का दबाव कम रहा।

सुबह से ही पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया था। पुलिसकर्मी अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहकर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करते रहे। इसके चलते पूरे दिन ट्रैफिक व्यवस्था बहाल रही और कांवरियों के साथ-साथ आम लोगों को भी आवागमन में परेशानी नहीं हुई।

पाटन थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के कुशल नेतृत्व में थाना की पूरी टीम दिनभर अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर तैनात रही और व्यवस्था संभालने में जुटी रही। पुलिस और प्रशासन की सक्रियता से कांवर यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।

बोल बम कांवर यात्रा समिति के संयोजक जितेंद्र वर्मा ने आयोजन की सफलता पर स्थानीय प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सहयोगी संस्थाओं एवं सभी शिव भक्तों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से कांवर यात्रा का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।