अमलेश्वर में चोरों के हौसले बुलंद, खेतों से लगातार हो रही केबल तार की चोरी, पार्षद खुबी राम सोनकर के खेत को भी नहीं छोड़ा, दूसरी बार केबल तार पार; नगर पालिका अध्यक्ष ने पुलिस अधिकारियों से की लिखित शिकायत

पाटन। अमलेश्वर थाना क्षेत्र में खेतों से केबल तार चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं ने किसानों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। चोरी की घटनाओं की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बावजूद वारदातों पर प्रभावी अंकुश नहीं लगने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नगर के पार्षद खुबी राम सोनकर के खेत में ही लगातार दूसरी बार केबल तार चोरी की घटना सामने आई है।

बताया जा रहा है कि खेतों में सिंचाई के लिए लगाए गए केबल तार चोरों के निशाने पर हैं। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोर खेतों में पहुंचकर केबल तार काटकर ले जा रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ ही सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की समस्या भी सामने आ रही है।

पार्षद के खेत में दूसरी बार चोरी, तो आम किसान कितने सुरक्षित?

पार्षद खुबी राम सोनकर के खेत में लगातार दूसरी बार केबल तार चोरी होने की घटना ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। जब जनप्रतिनिधि के खेत में ही बार-बार चोरी हो रही है, तो क्षेत्र के आम किसानों और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है।

पालिका अध्यक्ष ने उच्च अधिकारियों से की शिकायत

मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष दयानंद सोनकर ने अमलेश्वर थाना प्रभारी सहित अनुविभागीय पुलिस अधिकारी एवं उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने और अपराध पर अंकुश लगाने की मांग की है।

पालिका अध्यक्ष ने शिकायत में इस बात का भी उल्लेख किया है कि अमलेश्वर क्षेत्र में आए दिन चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में पुलिस द्वारा रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने की आवश्यकता है।

किसानों में बढ़ रही चिंता

लगातार चोरी की घटनाओं से अमलेश्वर क्षेत्र के किसानों में भय और चिंता का माहौल है। किसानों का कहना है कि खेत गांव से दूर होने के कारण रात के समय वहां निगरानी रखना मुश्किल होता है। ऐसे में पुलिस की नियमित गश्त और चोरी की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई जरूरी है।

अब देखना होगा कि लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और केबल चोरी करने वाले आरोपियों तक कब पहुंचता है।