पाटन। ग्राम सांकरा में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने गांव के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 2 और 4 को निशाना बनाते हुए वहां से गैस सिलेंडर और बच्चों के लिए रखी चावल की बोरी चोरी कर ली। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अब चोर बच्चों के पोषण आहार तक को नहीं छोड़ रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सप्ताह भर पहले घुघवा में आयोजित सुशासन शिविर में अमलेश्वर थाना क्षेत्र में बढ़ रही चोरी, अवैध शराब बिक्री, कबाड़ी संचालन और असामाजिक गतिविधियों की शिकायत अधिकारियों से की गई थी। इसके बावजूद पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से चोरों के हौसले और बढ़ गए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि अमलेश्वर पुलिस समय रहते सक्रियता दिखाती और संदिग्ध गतिविधियों पर कार्रवाई करती, तो चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था। लगातार हो रही चोरियों से क्षेत्र के लोगों में भय और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर चोरी की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है। वहीं, अमलेश्वर थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।







