पंदर में चोरों ने दो घरों के बाहर से पार की मोटरसाइकिलें, एक का पेट्रोल खत्म हुआ तो रास्ते में छोड़ा

पाटन। पाटन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंदर में बीती रात अज्ञात चोरों ने दो अलग-अलग घरों के सामने खड़ी दो मोटरसाइकिलों को पार कर दिया। हालांकि, चोर दोनों बाइक ले जाने में कामयाब नहीं हो सके। एक मोटरसाइकिल का पेट्रोल खत्म हो जाने के कारण वे उसे गांव के ही पास लावारिस हालत में छोड़कर भाग निकले।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंदर निवासी आकाश वर्मा और सतीश वर्मा ने रोज की तरह अपनी मोटरसाइकिलें अपने-अपने घर के बाहर खड़ी की थी। देर रात पहुंचे अज्ञात चोरों ने दोनों वाहनों के लॉक तोड़े और उन्हें लेकर चंपत हो गए। सुबह जब वाहन मालिकों की नींद खुली, तब घर के बाहर से गाड़ियां गायब देख उनके होश उड़ गए।

गांव के पास ही मिल गई एक बाइक

ग्रामीणों को सुबह वह बाइक गाँव मे ही लावारिस हालत में मिली। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरी की वारदात के बाद जब चोर भाग रहे थे, तभी कुछ ही दूरी पर एक मोटरसाइकिल का पेट्रोल पूरी तरह खत्म हो गया। बीच रास्ते में गाड़ी बंद होने के कारण चोरों ने पकड़े जाने के डर से उसे गांव के ही पास छोड़ दिया और दूसरी बाइक पर सवार होकर रफूचक्कर हो गए होंगे।आकाश वर्मा की वाहन क्रमांक CG 07 AR 6326 को चोर ले उड़े।

चोरी हुई दो पहिया वाहन की फोटो

थाने में शिकायत दर्ज
इस मामले को लेकर पीड़ित वाहन मालिकों ने पाटन थाने पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।