पाटन ब्लॉक में हजारों जरूरतमंदों की बढ़ी परेशानी, पेंशन नहीं मिलने से भटक रहे हितग्राही,  ग्राम पंचायत से जनपद पंचायत तक लगा रहे चक्कर; आर्थिक संकट से जूझ रहे पेंशनधारी

पाटन। शासन की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के सहारे जीवनयापन करने वाले बुजुर्गों, विधवा महिलाओं, परित्यक्त महिलाओं और दिव्यांग हितग्राहियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। पाटन विकासखंड में कई हितग्राहियों को पिछले छह माह से पेंशन की राशि नहीं मिली है। पेंशन की आस में जरूरतमंद हितग्राही कभी ग्राम पंचायत तो कभी जनपद पंचायत कार्यालय का चक्कर लगाने को मजबूर हैं। इसके बावजूद उन्हें पेंशन भुगतान को लेकर कोई संतोषजनक जानकारी नहीं मिल पा रही है।

जानकारी के अनुसार, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तजन पेंशन योजना केंद्र प्रवर्तित सामाजिक पेंशन योजनाएं हैं। इन तीनों योजनाओं के अंतर्गत पाटन ब्लॉक के हितग्राहियों को अप्रैल-मई 2026 तक की पेंशन राशि का ही भुगतान किया गया है। इसके बाद से हितग्राहियों को पेंशन की राशि नहीं मिली है। बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार की ओर से पेंशन राशि का आबंटन नहीं होने के कारण भुगतान अटका हुआ है।

वहीं, मुख्यमंत्री पेंशन योजना के अंतर्गत संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, निःशक्तजन पेंशन योजना और सुखद सहारा योजना (विधवा एवं परित्यक्त महिलाओं के लिए) के हितग्राहियों को भी समय पर पेंशन नहीं मिल पा रही है। इन योजनाओं के हितग्राहियों को नवंबर माह की पेंशन राशि का भुगतान अब तक नहीं हुआ है।

पेंशन ही जीवनयापन का सहारा, अब रोजमर्रा के खर्च चलाना मुश्किल

पेंशन की राशि भले ही कम हो, लेकिन बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए यह बड़ी आर्थिक मदद होती है। कई हितग्राही इसी राशि से दवाइयों, राशन और दैनिक जरूरतों का खर्च चलाते हैं। ऐसे में लगातार कई महीनों तक पेंशन नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। जिन बुजुर्गों के परिवार में कमाने वाला कोई सदस्य नहीं है, उनकी स्थिति और भी चिंताजनक है। वहीं, विधवा और परित्यक्त महिलाओं के लिए भी पेंशन की राशि आर्थिक आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण आधार है। दिव्यांग हितग्राहियों को भी अपनी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

पंचायत से जनपद तक चक्कर, जिम्मेदारों की चुप्पी पर सवाल

पेंशन नहीं मिलने से परेशान हितग्राही भुगतान की जानकारी लेने के लिए ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिवों और जनपद पंचायत कार्यालय पहुंच रहे हैं। कई हितग्राहियों को आबंटन नहीं आने की बात कहकर वापस भेज दिया जाता है। महीनों से पेंशन का इंतजार कर रहे जरूरतमंदों को यह समझ नहीं आ रहा है कि आखिर उनकी रुकी हुई राशि कब मिलेगी।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जरूरतमंदों की इस गंभीर समस्या को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की ओर से अब तक प्रभावी पहल क्यों नहीं की गई है। सांसद, विधायक, जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्य तथा ग्राम पंचायतों के सरपंचों की ओर से भी इस समस्या को प्रमुखता से उठाने की जरूरत है। पेंशन जैसी बुनियादी सामाजिक सुरक्षा योजना का लाभ समय पर नहीं मिलना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

हितग्राहियों ने की बकाया पेंशन भुगतान की मांग

पेंशन के इंतजार में परेशान हितग्राहियों ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द पेंशन राशि का आबंटन जारी कराने और लंबित महीनों की पूरी राशि एकमुश्त भुगतान करने की मांग की है। साथ ही संबंधित विभाग से यह स्पष्ट करने की मांग की जा रही है कि पेंशन भुगतान में देरी का वास्तविक कारण क्या है और हितग्राहियों को उनकी राशि कब तक मिल पाएगी। जरूरतमंदों का कहना है कि पेंशन उनके लिए कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं, बल्कि जीवनयापन का जरूरी सहारा है। ऐसे में महीनों तक भुगतान रोकना उनके साथ अन्याय है।