वन विकास निगम क्षेत्र के हजारों पेड़ पर चली कुल्हाड़ी,खेत बनाने मची है होड़,नहीं होती कार्यवाही


पंडरिया। ब्लाक अंतर्गत वन विकास निगम के क्षेत्र में बीती रात हजारों की संख्या में नीलगिरी के पेड़ों पर कुल्हाड़ी चली है।भेड़ागढ़ बैगापारा कक्ष क्रमांक 1467 व 1468 में मंगलवार को रात अज्ञात लोगों ने हजारों की संख्या में नीलगिरी के पेड़ों को काट दिया है।इस क्षेत्र में लगातार कटाई की जा रही है।लकड़ी काटने वालों का हौसला लगातार बढ़ते ही जा रहा है।पखवाड़े भर पहले इसी क्षेत्र में मशीन से पेड़ काटने की तस्वीर सामने आई थी,इसके बावजूद विभाग के कान खड़े नहीं हुए हैं।हजारों की संख्या में पेड़ों को काटना बड़ा अपराध है।साथ ही जंगल को समूल नष्ट करने की दिशा में क्षेत्र के लोग सक्रिय हैं।वन विकास निगम वनों की कटाई को रोकने में सक्षम दिखाई नहीं पड़ रहा है।वन विभाग के कर्मचारी भी वनक्षेत्र में निवास नहीं करते हैं।बड़े पैमाने पर कटाई विभाग के कर्मचारियों के मिलीभगत के बिना संभव नहीं है।
खेत बनाने की जा रही है कटाई– जंगलों की कटाई कई तरह से की जा रही है।एक तो बड़े पैमाने में एक साथ कटाई कर खेत बनाये जा रहे हैं।वहीं दूसरी ओर घने जंगलों को जलाऊ के लिए काट कर धीरे धीरे मैदान में तब्दील की जाती है,जिसके बाद खेती के लिए कब्जा कर वन भूमि पर पट्टे का दावा किया जाता है।
राजनैतिक संरक्षण के चलते कड़ी कार्यवाही नहीं की जाती-क्षेत्र के जंगलों की कटाई नहीं थमने का मुख्य कारण कड़ी कार्यवाही का नहीं होना को माना जा रहा है।वन विभाग व निगम द्वारा वनों की कटाई व अतिक्रमण पर कड़ी कार्यवाही नहीं की जाती जिसके चलते लकड़ी तस्करों को कार्यवाही भय नहीं है।हौसला बुलंद होने के कारण लगातार पेड़ो की कटाई में लगे हुए हैं।बताया जाता है कि लकड़ी तस्करों को राजनैतिक संरक्षण प्राप्त है।जिसके चलते विभाग कार्यवाही नहीं करता।कुछ नेता लकड़ी काटने वालों के साथ खुलकर खड़े होते हैं।यह भी जानकारी मिली है कि कुछ लोग वन भूमि पर पेड़ कटवाकर अपने लिए खेती करवाते हैं।कुछ कर्मचारी नाम नहीं छापने की शर्त पर बताते हैं कि लकड़ी चोरों,अतिक्रमणकारी व अवैध लकड़ी परिवहन करने वालों को पकड़ने व कार्यवाही करने पर उन्हें छोड़ने नेता लोगों का फोन आने लगता है।जिसके चलते भी कार्यवाही प्रभावित होती है।
“पेड़ काटे जाने की सूचना मिलने पर टीम भेजी गई है।काटे गए पेड़ों की जानकारी लेकर अपराध दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।
दीपिका सोनवानी,परियोजना रेंजर कवर्धा।