तीन दिवसीय गरबा कार्यक्रम का हुआ समापन, विधायक धर्मजीत सिंह बोले बदल रहा है पंडरिया नगर

पंडरिया ।संस्कृति महिला ग्रुप द्वारा आयोजित तीन दिवसीय गरबा कार्यक्रम का समापन शनिवार देर रात पीएम श्री आत्मानंद स्कूल मैदान में धूमधाम से हुआ। समापन समारोह में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।


कार्यक्रम में विधायक श्री सिंह ने माता की पूजा-अर्चना कर लोगों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “पंडरिया नगर तेजी से बदल रहा है। जिस जगह पर कभी महिलाएं आने पर झिझकती थी, वहां महिलाएं अब स्वयं कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं। यह महिलाओं के साहस, आत्मनिर्भरता और स्वावलंबी होने का प्रमाण है।”
उन्होंने कहा कि 9 दिन की नवरात्रि में नगर के दो महिला समूहों द्वारा 6 दिनों तक गरबा का आयोजन किया गया। यह केवल आयोजन नहीं था, बल्कि नगर वासियों को गरबा करने, देखने और आराधना का अवसर प्रदान करना था। छोटे-छोटे बच्चों के गरबा पर उन्होंने कहा कि आपके द्वारा बच्चों में संस्कार दिए जा रहे हैं। महिलाएं लगातार सशक्त हुई हैं।


विधायक सिंह ने कहा कि हर वर्ष गरबे की भव्यता बढ़ती जा रही है। वे हमेशा इन कार्यों में सहयोग के लिए तैयार हैं। जब भी जरूरत होगी वे सदैव साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि वे बचपन से पंडरिया नगर में हो रहे परिवर्तन को देख रहे हैं। नगर के हर वर्ग में अब परिवर्तन दिखाई पड़ रहा है। मंच से उन्होंने दोनों महिला ग्रुप से एक-एक जरूरतमंद महिला को हाईटेक सिलाई मशीन देने की घोषणा की।


वक्ताओं ने की सराहना
इससे पूर्व समाजसेवी सुरेंद्र सिंह छाबड़ा, देवेंद्र गुप्ता, नवल किशोर पांडेय, आनंद ठाकुर, उपाध्यक्ष सुमित तिवारी सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित कर संस्कृति महिला ग्रुप के आयोजन की सराहना की। सभी ने महिलाओं के नेतृत्व व कार्यकुशलता की सराहना करते हुए कहा कि संस्कृति महिला ग्रुप नाम के अनुरूप संस्कृति को आगे बढ़ा रही है।
इस दौरान चंद्रकुमार सोनी, एल्डरमेन यशपाल छाबड़ा, भास्कर देवांगन, आकाश ठाकुर, गणेश यादव, रोमी सलूजा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


अलग-अलग थीम पर हुआ गरबा-
संस्कृति महिला ग्रुप द्वारा आयोजित गरबा कार्यक्रम हर दिन अलग-अलग थीम पर आधारित रहा। पहले दिन महाकाल की थीम पर महादेव की आराधना, दूसरे दिन स्थानीय छत्तीसगढ़ी लोकगीत व संस्कृति पर और तीसरे दिन मां दुर्गा आदि शक्ति की आराधना पर केंद्रित रहा।
सम्मानित किया गया-
कार्यक्रम के अंतिम दिवस कार्यक्रम को संचालित करने वाले सभी लोगों, वालेंटियर, पत्रकार, व्यवस्था में सहयोग करने वाले, अच्छा प्रदर्शन करने वाले और गरबा में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह व गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया।