अंडा। अंडा समिपस्थ ग्राम डौकीडीह में आयोजित तीन दिवसीय लीला नाटक कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार रात भक्ति और उत्साह के माहौल में हुआ। नवां अंजोर नाट्य संस्था बोरीगारका (उर्ते) द्वारा प्रस्तुत प्रथम दिवस के कार्यक्रम में “धनुष यज्ञ लीला” का शानदार मंचन किया गया, जिसे देखने बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्र के लोग पहुंचे।
मंचन के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता एवं राजा जनक दरबार के प्रसंगों को कलाकारों ने जीवंत अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया। भगवान श्रीराम द्वारा शिव धनुष भंग किए जाने का दृश्य दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान जय श्रीराम के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम रात्रि 8:30 बजे से प्रारंभ हुआ और देर रात तक दर्शकों की भारी भीड़ बनी रही। आयोजन समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से कार्यक्रम का सफल संचालन किया जा रहा है। आगामी दिनों में “सूपनखा लीला से बाली वध” एवं “वीर अभिमन्यु नाटक” का मंचन किया जाएगा। सहयोगी डा खेमेश्वर दास, डामन साहू, भूषण चन्द्राकर, कनिष्ठ, योभा निषाद, विकास सेन, विसाल सहित समस्त ग्रामवासी डौकीडीह का विशेष सहयोग रहा।






