विश्वास, विकास एवं जनकल्याण अभियान के तहत तीन दिवसीय पंजीकरण शिविर आयोजित

दल्ली राजहरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “विश्वास, विकास एवं जनकल्याण” अभियान के अंतर्गत दल्ली राजहरा नगर में तीन दिवसीय पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा पंजीयन कराया।

नगर पालिका अध्यक्ष तोरण साहू ने शिविर में पहुंचे नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सामाजिक और आर्थिक क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखने को मिला है। स्वच्छ भारत मिशन, जन धन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने मुस्लिम महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए तीन तलाक को अपराध घोषित किए जाने का भी उल्लेख किया। साथ ही वर्तमान में सफाई दीदियों के लिए संचालित नमस्ते योजना की जानकारी भी दी।

नगर पालिका उपाध्यक्ष मनोज दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में विकास, डिजिटल क्रांति, राष्ट्रीय सुरक्षा और जनकल्याण को विशेष प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को पक्के मकान, शौचालय तथा जनधन योजना के माध्यम से बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ा गया। वहीं पीएम स्वनिधि योजना के जरिए शहरी पथ विक्रेताओं को आर्थिक मजबूती प्रदान की गई है। उन्होंने रक्षा और कूटनीति के क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत अभियान की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीमा बख्शी ने बताया कि विश्वास, विकास एवं जनकल्याण अभियान का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ते हुए उन्हें उनके अधिकारों एवं सुविधाओं का लाभ दिलाना है।

शिविर में पार्षद सुरेश जायसवाल, भूपेंद्र श्रीवास, अरुणा रामटेके, स्वास्थ्य अधिकारी रामगोपाल चंद्राकर, गोविंद साहू, इंद्र यादव, सुनील तारम, मनोज साहू, धनसाय ठाकुर, अब्दुल कलीम, विक्रांत साहू, देव देवांगन, शिवकुमार शर्मा, अभिजीत भगत, अकबर, लक्ष्मी सिन्हा सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।