केशव साहू
रेलवे ठेकेदार के उत्खनन से बनी डबरी में डूबने की आशंका, जांच में जुटा प्रशासन पूरे क्षेत्र में शोक ।

डोंगरगढ़ विकासखंड के बोरतालाब के आश्रित ग्राम गांधीनगर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन मासूम स्कूली बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव सहित क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। देर शाम ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से तीनों बच्चों के शव पानी से बाहर निकाले गए।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ की मर्चुरी लाया गया है। तीनों बच्चों की उम्र लगभग 8 वर्ष बताई जा रही है और वे आदिवासी समाज से थे।
मृतकों की पहचान कृष मांडवी एवं दानिश मांडवी (पिता राकेश मांडवी) तथा सार्थक कोपाड़े (पिता कमलेश कोपाड़े) के रूप में हुई है। कृष और दानिश सगे भाई थे। एक साथ तीन बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा उस पानी से भरी डबरी में हुआ, जो कथित तौर पर रेलवे के ठेकेदार द्वारा कराए गए उत्खनन के बाद बन गई थी। बारिश का पानी भर जाने से यह गहरा गड्ढा डबरी का रूप ले चुका था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इसी डबरी में डूबने से तीनों बच्चों की मौत हुई। हालांकि, इस संबंध में रेलवे या प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और मामले की जांच जारी है।
ग्रामीणों के अनुसार, बच्चों के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान पानी से भरी डबरी में तीनों बच्चों के शव मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के पहले ड्रॉक्टर द्वारा ECG कर मृत घोषित क्या गाय
ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षकों की हड़ताल के कारण मंगलवार को बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने की नियमित व्यवस्था नहीं हो सकी। सामान्य दिनों में शिक्षक स्वयं बच्चों को घर से स्कूल लाते और वापस छोड़ते थे। हालांकि, इस बात की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि इस हादसे का हड़ताल से कोई सीधा संबंध है।
घटना के बाद पूरे गांधीनगर और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने रेलवे ठेकेदार द्वारा कराए गए उत्खनन की जांच, जिम्मेदारों पर कार्रवाई तथा मृतक बच्चों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







