पाटन। किकिरमेटा के पास खारुन नदी पुल के नजदीक सोमवार को तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में तीन युवक घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक तेज गति से आ रही थीं, तभी अचानक नियंत्रण बिगड़ने से आपस में भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत पाटन अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल युवक की स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।














