तिरगा में अंधा मोड़ पर लगातार हो रहे हादसे, प्रशासन की अनदेखी से ग्रामीण चिंतित

अण्डा। दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम तिरगा आबादी पारा में स्थित अंधा मोड़ लगातार सड़क हादसों का कारण बनता जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार इस मोड़ पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि लगभग हर 20 से 30 दिनों में यहां कोई न कोई एक्सीडेंट हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद अब तक सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि अंधा मोड़ होने के बावजूद यहां सही तरीके से सूचना बोर्ड या चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए हैं। सड़क से गुजरने वाले वाहन चालक अचानक मोड़ आने के कारण नियंत्रण खो बैठते हैं, जिससे दुर्घटनाएं हो रही हैं। रात के समय यह मोड़ और अधिक खतरनाक हो जाता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब 3 वर्ष पहले इस सड़क का निर्माण ओबेराय कंस्ट्रक्शन (Construction) द्वारा कराया गया था, लेकिन अब सड़क जगह-जगह से दरार पड़ने लगी है। सड़क की खराब स्थिति भी हादसों की एक बड़ी वजह मानी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर चिंता बनी हुई है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।