स्वस्थ,समर्थ एवं शक्तिशाली राष्ट्र निर्माण हेतु ग्राम अंडा में 108 घरों में होगा गृहे-गृहे गायत्री महायज्ञ

अंडा।दुर्ग जिले के ग्राम अंडा (गांधी नगर) में रविवार 24 मई 2026 को आध्यात्मिक चेतना, संस्कार जागरण एवं राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से भव्य “108 घरों में गृहे-गृहे गायत्री महायज्ञ” का आयोजन किया जाएगा। यह पुण्य आयोजन गायत्री परिवार के प्रेरणास्रोत गायत्री तीर्थ शांतिकुंज के मार्गदर्शन में संपन्न होगा। कार्यक्रम का आयोजन गायत्री परिवार एवं ग्राम अंडा के समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है।
इस विशेष महायज्ञ के अंतर्गत गांव के 108 घरों में एक साथ वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ एवं आध्यात्मिक साधना का वातावरण निर्मित होगा। आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में नैतिक मूल्यों, संस्कारों, सद्भावना, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं सकारात्मक सोच का संदेश जन-जन तक पहुंचाना भी है।
आयोजकों के अनुसार यज्ञ के माध्यम से स्वस्थ शरीर, स्वच्छ विचार, सुखी परिवार एवं शक्तिशाली राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। सामूहिक यज्ञ से पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा एवं सकारात्मक वातावरण का संचार होगा, जिससे लोगों में नई चेतना और जागरूकता का विकास होगा।
कार्यक्रम में गायत्री परिवार के साधक, विद्वान परिजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल होकर राष्ट्र कल्याण, विश्व शांति एवं मानवता के मंगल की कामना करेंगे। आयोजन को लेकर ग्राम अंडा सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
गायत्री परिवार एवं आयोजन समिति ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर यज्ञ, संस्कार एवं आध्यात्मिक चेतना के इस पुण्य अभियान का लाभ लेने की अपील की है। यह आयोजन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव एवं भारतीय सनातन परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण बनेगा। यह जानकारी डा एन. के. सिन्हा ने दी।