रायपुर।छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) 2024 में चयनित टॉप 10 अभ्यर्थियों ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की।

मुख्यमंत्री ने सभी सफल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर और राजभाषा अधिकारी छगन लाल नागवंशी भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों से परीक्षा की तैयारी, चुनौतियों और उनके आगामी करियर से जुड़ी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण ने इन युवाओं को यह उपलब्धि दिलाई है, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों को आगामी सेवाओं के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि लोकसेवक की भूमिका में धैर्य, विनम्रता और संवेदनशीलता सबसे महत्वपूर्ण गुण होंगे। उन्होंने कहा कि जनता के बीच प्रशासन का विश्वास बनाए रखने के लिए जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित करने का निर्णय सरकार की प्राथमिकता है, और इसका परिणाम परीक्षा प्रक्रिया में स्पष्ट दिखाई दे रहा है। टॉप 10 चयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए सेवा और जिम्मेदारी का नया अध्याय है। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ जनता की सेवा करेंगे।
मुलाकात के दौरान PSC 2024 के टॉप 10 चयनित अभ्यर्थी देवेश प्रसाद साहू, स्वप्निल वर्मा, यशवंत कुमार देवांगन, पोलेश्वर साहू, पारस शर्मा, शताक्षी पाण्डेय, अंकुश बैनर्जी, सृष्टि गुप्ता, प्रशांत वर्मा और सागर वर्मा सपरिवार उपस्थित रहे।






