महली-कुंडा व महका-कुंडा सड़क से आवाजाही बंद, ब्लाक मुख्यालय के लिए 40 किलोमीटर घूमकर जाना पड़ रहा, सड़क जर्जर,महली से दाढ़ी तक बड़े सड़क की जरूरत


पंडरिया/कुंडा।ब्लाक अन्तर्गत ग्राम महली से कुंडा तक सड़क की हालत अत्यंत दयनीय हो चुकी है,कीचड़ व गड्ढों के चलते इस मार्ग में आवागमन बंद हो चुकी है।सड़क का मरम्मत नहीं होने व भारी वाहन चलने के कारण सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।सड़क चलने लायक नहीं रह गया है।बाइक सवार जहां स्लिप होकर गिर रहे हैं वहीं छोटे चार पहिया वाहन कीचड़ व गड्ढों में फंस रहे हैं।उक्त सड़क पर रेंगबोड,गुंझेटा,खम्हरिया व अखरा के पास सड़क में अधिक बड़े गड्ढे बन गए हैं।महली से कुंडा तक 6 किलोमीटर की दूरी पर 10 हजार से अधिक गड्ढे होंगे।अधिकतर गड्ढे तलाबनुमा हो गए हैं।वहीं पूरे मार्ग में कहीं-कहीं डामर दिखाई पड़ता है।जिससे ग्रामीणों को कुंडा व पंडरिया जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है।बरसात के मौसम में बीच मे पड़ने वाले ग्राम अखरा,खम्हरिया,गूँझेंटा, रेंगबोड के ग्रामीण गांव से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।

ग्रामीण भी जिम्मेदार-उक्त सड़क के जर्जर स्थिति के लिए जहां स्तरहीन निर्माण व मरम्मत नहीं होना कारण है वहां सड़क किनारे रहने वाले लोग भी काफी हद तक जिम्मेदार हैं।सड़क किनारे रहने वाले लोग नाली का पानी सड़क पर छोड़ देते हैं वहीं घरों को अधिक ऊंचा कर दिया गया है,जिससे सड़क का पानी नहीं निकल पाता है तथा यह कीचड़ व गड्ढों में तब्दील हो गया है।


महका -कुंडा मार्ग भी बंद-महली के अलावा कुंडा जाने के लिए महका मार्ग है।जिसमें भी निर्माण कार्य जारी होने के चलते यह रास्ता भी बंद है।महका बस्ती के अंदर सड़क में कांक्रीट का कार्य चल रहा है,जिसके चलते यह मार्ग भी सप्ताह भर से बंद है। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।सेनहाभाठा से कुंडा तक करीब 3 किलोमीटर सड़क भी निर्माणाधीन है,इसमें भी गड्ढे ही गड्ढे बन गए हैं।


13 किलोमीटर के लिए 40 किलोमीटर का सफर-कुंडा से पंडरिया ब्लाक मुख्यालय की दूरी 13 किलोमीटर है,लेकिन महली व महका मार्ग बंद होने के कारण लोगों को ब्लाक मुख्यालय जाने के लिए फास्टरपुर होकर जाना पड़ता है।जिसकी दूरी करीब 40 किलोमीटर है।लोगों को खराब सड़क के कारण तीन गुना सफर करना पड़ रहा है।


कुंडा के आगे भी सड़क खराब-कुंडा से आगे की सड़क भी खराब है।यहां माकरी तक सड़क बन गयी है वहीं माकरी के आगे कार्य प्रगति पर है,बरसात के कारण कार्य बंद होने के कारण दामपुर,पटुवा,व आस-पास के ग्रामीणों को भारी परेशानी से गुजरना पड़ रहा है। महली से कुंडा होते हुए व पटुआ तक सड़क की लंबाई लगभग 22 किलोमीटर है।यह सड़क कम चौड़ी है,सड़क किनारे कीचड़ होने के कारण गाड़ियां फंस जाती है,जिससे सड़क जाम हो जाता है।

सामने से आ रहे वाहन को साइड देने तथा ओवरटेक करते नहीं बनता है।वहीं कुछ दिनों बाद गन्ना का परिवहन चालू हो जाएगा।जिसमें गड्ढों के कारण गन्ना का ट्रेक्टर पलट जाते हैं।ब्लाक के अंतिम ग्राम पटुआ के बाद बेमेतरा जिले के कठुतीया होते हुए उक्त सड़क बेमेतरा की ओर जाती है।महली से कुंडा -पटुवा सड़क खराब होने के कारण आवागमन कम है।यह सड़क बन जाने पर यह कुंडा वासियों व क्षेत्र के लोगों के लिए जीवनरेखा साबित होगा।कुंडा सहित ब्लाक के लोगों को राजधानी पहुंचने के लिए यह सबसे कम दूरी की सड़क होगी।वर्तमान में लोगों को कवर्धा व मुंगेली होकर रायपुर जाना पड़ता है।महली-कुंडा-दामापुर-दाढ़ी होकर सड़क बनने पर राजधानी की दूरी करीब 30 किलोमीटर कम हो जाएगी।


चौड़ी सड़क बनाने की जरूरत
क्षेत्र के लोग पिछले 15 वर्षों से महली,कुंडा,माकरी, पटुवा,कठुतिया,छीरहा, दाढ़ी होते हुए कवर्धा बेमेतरा मुख्य मार्ग में जोड़ने की मांग कर रहे हैं।महली इसकी लंबाई करीब 40 किलोमीटर की होगी।वर्तमान में यह सड़क प्रधानमंत्री सड़क योजनान्तर्गत निर्मित है।जिसमें महली से पटुवा तक जर्जर अवस्था मे है तथा बेमेतरा जिले के छिरहा से रायपुर मुख्य मार्ग तक सड़क निर्माण हो चुका है।महली -कुंडा-दामपुर -पटुवा मार्ग का उन्नयन कर बड़े परियोजना (एडीबी)में शामिल कर चौड़ी सड़क बनाये जाने की जरूरत है।उक्त सड़क बनने से कुंडा के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को रायपुर जाने में काफी कम दूरी तय करनी पड़ेगी।क्षेत्र में पड़ने वाले गांवों की आबादी भी बड़ी है,जिसके चलते अब इस सड़क पर दबाव भी अधिक है।अब प्रधानमंत्री सड़क से निर्वाह संभव नहीं है।इस लिहाज से बड़े परियोजना की चौड़ी सड़क की जरूरत महसूस की जा रही है।


ग्रामीण क्षेत्रों का विकास होगा– बड़ी सड़क नहीं होने के कारण अभी दामापुर, पटुआ, छीरहा,कठुतिया,सहित अनेक गांवों का विकास नहीं हो पा रहा है।बड़ी सड़क बनने पर क्षेत्र में आवागमन बढेगा तथा पिछड़े ग्रामीण क्षेत्रों का तेजी से विकास हो सकेगा तथा यह सड़क विकास की लाइफ लाइन होगी।कुंडा के मनोज ठाकुर,तुलसी,हरेंद्र चन्द्राकर,अजित मक्कड़,दिनेश मिश्रा, राजेश शुक्ला ने बताया कि सड़क नहीं होने के कारण कुंडा क्षेत्र का विकास अपेक्षाकृत नहीं हो पाया है।उन्होंने बताया कि महली से छिरहा -दाढ़ी तक सड़क बनने पर कुंडा क्षेत्र के विकास तेजी से होगा।