पाटन में दर्दनाक हादसा: बिजली खंभे पर काम कर रहे युवक की करंट लगने से मौत, ग्रामीणों में आक्रोश, पढ़िए पूरी खबर


पाटन।
ग्राम झीट में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां बिजली के खंभे पर कार्य कर रहे ठेका श्रमिक जितेंद्र ठाकुर (26 वर्ष) की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक महुदा रोड स्थित मनोज हार्डवेयर के पास बिजली लाइन सुधारने के लिए खंभे पर चढ़ा हुआ था।
बताया जा रहा है कि जिस समय जितेंद्र ठाकुर लाइन सुधार का कार्य कर रहा था, उस दौरान बिजली लाइन बंद थी। इसके बावजूद अचानक करंट कैसे प्रवाहित हुआ, यह जांच का विषय बना हुआ है।
मृतक जितेंद्र ठाकुर एक गरीब परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और ठेकेदार के अधीन काम कर रहा था। घटना के बाद परिवार और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
सूचना मिलते ही अमलेश्वर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, घटना के बाद भी ठेकेदार और बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा नहीं दिया गया, तो वे चक्काजाम करेंगे। इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा दूरभाष के माध्यम से एसडीएम को भी सूचना दे दी गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और करंट प्रवाह के कारणों का पता लगाया जा रहा है।