अंडा। फोटो। दुर्ग जिला पंचायत संसाधन केंद्र (DPRC) अंजोरा में प्रधानमंत्री विरासत संवर्धन परियोजना (पी.एम. विकास) के अंतर्गत प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विकासखंड दुर्ग, पाटन एवं धमधा के 12 नवनिर्वाचित सरपंचों ने सहभागिता की।
भारत सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत सामुदायिक रेडियो स्टेशन सहयोगी रेडियो 91.2 एफएम द्वारा आउटरीच कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, पंचायतीराज संस्थाओं एवं प्रशिक्षण संस्थानों में पी.एम. विकास परियोजना का प्रचार-प्रसार एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम 1 जनवरी 2026 से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में DPRC अंजोरा में आयोजित प्रशिक्षण में नवनिर्वाचित सरपंचों को योजना की जानकारी दी गई तथा पंचायत स्तर पर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु सामूहिक संकल्प दिलाया गया।
उल्लेखनीय है कि अल्पसंख्यक समुदाय को सशक्त बनाने के उद्देश्य से अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री विरासत संवर्धन परियोजना (पी.एम. विकास) प्रारंभ की गई है। यह परियोजना “सीखो और कमाओ”, “उस्ताद”, “हमारी धरोहर”, “नई रोशनी” एवं “नई मंजिल” जैसी योजनाओं का अभिशरण कार्यक्रम है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को योजना का परिचय, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया, हमारी विरासत—हमारा गौरव, रेडियो चौपाल, संवाद एवं साक्षात्कार, सफल हितग्राहियों के अनुभव, हुनर हाट के माध्यम से बाजार से जुड़ाव, स्थानीय कलाओं का महत्व तथा निरंतर जागरूकता जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि योजना की बारीकियों को अंचल के सभी लोगों तक पहुंचाकर अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा सके।
रेडियो समन्वय कार्यक्रम के अंतर्गत रेडियो रायपुरिया द्वारा प्रतिदिन 60 सेकंड का रेडियो स्पॉट प्रसारित किया जा रहा है। साथ ही आउटरीच कार्यक्रमों के माध्यम से सहयोगी रेडियो द्वारा व्यापक जनसंपर्क अभियान एवं क्षमता वृद्धि प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस जागरूकता अभियान में लाभान्वित हितग्राहियों के साथ-साथ संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में DPRC अंजोरा के संकाय सदस्य परमार, प्रभा ध्रुव एवं सहयोगी रेडियो के केंद्र निदेशक महेंद्र सिन्हा ने उपस्थित सरपंचों को पंचायतीराज अधिनियम की जानकारी के साथ पी.एम. विकास योजना की बारीकियों से अवगत कराया और पंचायत स्तर पर इसके प्रचार-प्रसार का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत भरदा की सरपंच सुनीता भारदीय, कोनारी की गुंजेश्वरी साहू, बिरेक्षर के सरपंच इंद्रजीत साहू, झोला की सरपंच बसंती कौशल निषाद, मोहलई के सरपंच नरेंद्र निषाद, पीपरछेड़ी की सरपंच ललिता महेश निषाद, खपरी की सरपंच अनुसुईया नारायण साहू, महमरा की सरपंच नर्मदा बाई ठाकुर, रसमड़ा की सरपंच मोतिम बाल किशन निषाद, नगपुरा की सरपंच सरोज भूपेंद्र रिंगरी, कोल्हापुरी के सरपंच ईश्वर प्रसाद साहू एवं पीसेगांव की सरपंच द्रौपती देशमुख उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सहयोगी रेडियो की कार्यक्रम संयोजक यामिनी हरमुख एवं जेंडर इक्विटी फेलो ऑचल मानिकपुरी द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।







