पंडरिया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति एनईपी 2020 और केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम श्री योजना के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का प्रशिक्षण पीएम श्री सेजेस पंडरिया में दिया गया। 28 जुलाई से 1 अगस्त तक चलने वाले इस पांच दिवसीय इंटर्नशिप कार्यक्रम में विद्यालय के पचास बच्चों ने भाग लिया।
एआई का प्रशिक्षण
राष्ट्रीय सूचना और प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईईएलआईटी) भुवनेश्वर के प्रशिक्षक महादेव बाग व तोरण साहू द्वारा एआई, मशीन लर्निंग और पायथन का प्रयोग करना सिखाया गया। समग्र शिक्षा छत्तीसगढ़ के प्रबंध संचालक संजीव कुमार झा के निर्देश पर राज्य के सभी पीएम श्री विद्यालयों में एआई, रोबोटिक्स और ड्रोन टेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक समय के लिए आवश्यक कौशलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
बच्चों की उत्सुकता और उत्साह
प्रशिक्षकों के द्वारा एआई के सिद्धांत और कार्यप्रणाली का प्रयोग के माध्यम से उपयोग करना बताया गया। बच्चों ने उत्सुकता और उत्साह के साथ इंटर्नशिप कार्यक्रम में भाग लिया। इस प्रशिक्षण से बच्चों को भविष्य की तकनीक के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी।







